वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में छात्राओं से छेड़खानी को लेकर हुए बवाल के बाद अब विवि ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी शहीदों की पत्नियों को सौंपी है। जी हैं विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार 6 महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। बीएचयू की चीफ प्रॉक्टर रोयना सिंह के मुताबिक छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी 6 महिला सुरक्षाकर्मी को सौंपी गई है। ये वो सुरक्षाकर्मी है, जिनके पति देश की रक्षा में शहीद हो चुके हैं। शहीदों की पत्नियों के हाथों में इन छात्राओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दल में शामिल कंचन ने बताया कि साल 2013 में उनके पति देश की रक्षा करते हुए जम्मू बॉर्डर पर शहीद हो गए थे। जिस दिन वो रिटायर हुए थे उसी दिन पाकिस्तान ने कैम्प पर हमला कर दिया, जिसके बाद बाकी जवानों ने कैम्प से मोर्चा संभाला और उनके पति अनिल भी अपने साथियों के साथ जंग में कूद गए, लेकिन इसी दौरान उनको गोली लगी और शहीद हो गए। कंचन के साथ छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रतिमा मौर्या, सीमा शुक्ला, प्रेमलता त्रिपाठी, विंध्यवासनी पाठक और पूनम पांडेय को दी गई है। ये सभी शहीद जवानों की विधवाएं हैं।