उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का बड़ा चेहरा और सोमवार को ही कांग्रेस का स्टार प्रचारक की सूची में शामिल पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरपीएन सिंह का नया ठिकाना अब भारतीय जनता पार्टी होगा। माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी उनको उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में टिकट भी दे सकती है। जितिन प्रसाद तथा आरपीएन सिंह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का बड़ा और चर्चित चेहरा माने जाते हैं। जितिन प्रसाद के कांग्रेस छोड़ने के बाद अब आरपीएन सिंह भी जितिन की तरह ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाएंगे।
केन्द्र की मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रहे कुशीनगर के शाही सैंथवार परिवार के आरपीएन सिंह को कांग्रेस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए 30 सदस्यीय स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया, लेकिन एक दिन बाद ही वह पार्टी छोड़ रहे हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरपीएन सिंह आज नई दिल्ली में भाजपा में शामिल होंगे। केन्द्र में आरपीएन सिंह गृह राज्य मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।