केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नया शिगूफा छेड़ा है। उन्होंने कहा है कि नोटबंदी के बाद देश में नसबंदी लागू करने की ज़रूरत है। अंग्रेजी अखबार ‘द हिंदू’ में छपी खबर के मुताबिक, गिरिराज ने कहा कि भारत में दुनिया की 16 फीसदी आबादी रहती है और हर साल हमारे देश में ऑस्ट्रेलिया की आबादी के बराबर लोग बढ़ जाते हैं। गिरिराज ने कहा कि ‘जनसंख्या विस्फोट की स्थिति पर हमें जल्द से जल्द काबू पाना होगा।’ गिरिराज ने कहा कि देश में सभी वर्गों के लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के उपाय अपनाने चाहिए।
गौरतलब है कि गिरिराज सिंह ने पहले भी एक बार समुदाय विशेष की जनसंख्या बेहिसाब गति से बढ़ने पर सवाल उठाए थे। तब उनके बयान पर काफी बवाल मचा था। समझा जा रहा है कि इसीलिए गिरिराज ने इस बार काफी सतर्कता से बयान दिया और सभी वर्गों के लिए जनसंख्या नियंत्रण के उपाय लागू करने की बात कही।