लखनऊ। सपा का झगड़ा अब पार्टी को तोड़ चुका है। समाजवादी पार्टी टूट गई है। चाचा-भतीजे की लड़ाई बाप बेटे के बीच की लड़ाई बन गई और नुकसान पार्टी को उठाना पड़ा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और समाजवादी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। मुलायम सिंह यादव ने राम गोपाल यादव पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस बात को समझ नहीं रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसा करके रामगोपाल यादव ने पार्टी के हित नहीं किया है। उन्होंने सीधे तौर पर राम गोपाल यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो मुख्यमंत्री का भविष्य खत्म कर रहे हैं।