सासाराम। बिहार के सासाराम जिला के मुफस्सिल थाना के उनके गांव अमरा से चंद दूरी पर स्थित अमरा तालाब के पास दैनिक भास्कर के पत्रकार धर्मेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई। एक बाइक पर आये तीन बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी। इलाज के लिये उन्हें बीएचयू ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हत्यारे गोली मारकर भागने में सफल रहे।
खबरों के मुताबिक, धर्मेंद्र जब सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे तभी बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और उनको घेर लिया। पहले धर्मेन्द्र से हाथापाई हुई। धर्मेन्द्र ने दो बदमाशों को पटक दिया। एक का पिस्तौल छिन लिया। लेकिन तीसरे अपराधी ने उन्हें सीने में गोली मार दी। सूत्रों के अनुसार आपसी रंजिश में हत्या की गयी है।
खून से लथपथ धर्मेंद्र को स्थानीय लोग इलाज कराने के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते रेफर कर दिया। उन्हें बनारस ले जाया जा रहा था तभी शिवसागर के पास रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकार बताते हैं कि धर्मेंद्र ने उन अपराधियों के नाम भी अपने परिजनों को बताया है, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। उनके दो बेटे और एक बेटी है। धर्मेंद्र आई इलेवन के फुटबॉलर भी रहे हैं और आज भी वह प्रैक्टिस करने के लिए सासाराम स्थित न्यू स्टेडियम में जा रहे थे।