लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज पांचवे चरण का मतदान जारी है। पांचवे चरण में 11 जिलों की 51 सीटों पर वोटिंग जारी है। इस चरण में 11 जिलों में कुल 607 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 1.84 करोड़ मतदाता करेंगे। सबसे ज्यादा नजर राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी परह होगी, जहां आज वोटिंग हो रही है।
इस चरण का मतदान सपा-कांग्रेस गंठबंधन के लिए खास है, क्योंकि पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिन 51 विधानसभा सीटों पर साल 2012 के चुनावों में इनका कब्जा रहा था। पूर्वी उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर सपा और कांग्रेस का कब्जा है। साल 2012 में सपा ने यहां 37 सीटें जीती थीं तो वहीं भाजपा और कांग्रेस को पांच-पांच सीटें मिली थीं, जबकि बसपा को तीन और पीस पार्टी को दो सीटें हासिल हुई थीं।
इस चरण में पूर्वांचल के 11 जिलों की 52 सीटों पर मतदान हो रहा है, लेकिन अंबेडकर नगर जिले की आलापुर सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी चंद्रशेखर कश्यप की मौत के बाद यहां चुनाव टाल दिया गया। यहां 9 मार्च को चुनाव होगा। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के खास इंतजाम है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है।