वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज पहली बार रेलबजट के साथ आम बजट पेश किया। अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री ने नोटबंदी को साहसिक कदम बताया औऱ कहा कि गांधी जी भी साहसिक कदम की सराहना करते थे। साथ ही बजट भाषण में जेटली ने यह बताने की कोशिश की नरेंद्र मोदी सरकार देश के किसानों और गरीबों की भलाई करने वाली सरकार है और युवाओं को ध्यान मे रखकर नीतियां बना रही है। जेटली ने कहा कि हम इस तरह के कदम लगातार उठाते रहेंगे जिससे महिलाओं, मजदूरों, किसानों और पिछड़े लोगों तक विकास पहुंचे। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार को जनता के धन के पहरेदार के रूप में देखा जा रहा है और हमारी सरकार से लोगों की ढेरों उम्मीद जुड़ी हैं, और हम उसी का ख्याल रखते हुए नीतियां बना रहे हैं।
जानिए वित्त मंत्री ने क्या खास कहा
- वर्ष 2016 में दुनिया में उभरती हुई अर्थव्यवस्था में स्लोडाउन दिखा, लेकिन बाद में उन्होंने प्रगति की।
- चालू घटा भी घटकर जीडीपी का 0.3 फीसदी रह गया है, देश में एफडीआई का फ्लो बढ़ा है।
- दलहन के क्षेत्र में ज्यादा पैदावार की उम्मीद की जा रही है।
- भारत दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं के बीच एक उभरते हुए सितारे के रूप में सामने आया है: वित्त मंत्री।
- हमने अपनी आर्थिक नीतियों में काफी सुधार किया है, भारत निर्माण उद्योग के मामले में दुनिया में छठे स्थान पर पहुंच गया है, पहले हम 9वें स्थान पर थे: जेटली
- 2017 में विकास की गति तेज होगी, सरकार ने कालेधन पर लगाम लगाई, नोटबंदी साहसिक फैसला रहा। नोटबंदी से होने वाले फायदे गरीबों तक पहुंचाए जाएंगे, बैंक भी कर्ज की दरों को कम कर पाएंगे। नोटबंदी के कारण अर्थव्यवस्था में जो धीमी गति आई वह एक ट्रांजिट फेज है, लंबे समय में फायदा होगा। नोटबंदी की वजह से जीडीपी की साफ और सच्ची तस्वीर सामने आएगी, अर्थव्यवस्था स्वच्छ होगी: जेटली
- पिछले एक दशक में टैक्स की चोरी करना जनता की आदत हो गई थी, इससे गरीबों का नुकसान था। नोटबंदी के चलते टैक्स कलेक्शन बढ़ा है।
- हम JAM यानी जनधन, आधार और मोबाइल की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।