चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम में महिलाओं के साथ सुरक्षा के नाम पर बदसलूकी की गई। सुरक्षा जांच के नाम पर उन्हें दुपट्टा उतारने को मजबूर किया गया। काले रंग से मुख्यमंत्री को इतना डर लगता है कि कार्यक्रम में शामिल होने आई महिलाओं को उनकी चुन्नी उतारने के लिए विवश किया गया। कुछ ने उतार दी तो कुछ ने ऐसा करने से इंकर कर दिया। जिन्होंने इंकार किया उसे कार्यक्रम में शामिल होने नहीं दिया गया और वो वापस लौट गई।
भिवानी में सीएम खट्टर हरियाणा के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने आई महिलाओं में से जिन्होंने काले रंग के दुपट्टे ओढ़ रखे थे, उन्हें उनका दुपट्टा उतारने के लिए कहा गया। जानकारी के मुताबिक पंचायती राज मंत्री ओपी धनकड़ ने हरियाणा की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था। सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची थीं।लेकिन वहां ऐसी स्थिति पैदा की गई कि जिसकी वजह से महिलाओं को असहज स्थिति से तो गुजरना पड़ा। कार्यक्रम में शामिल होने आई महिलाओं को उनकी काली चुन्नी हटाने को कहा गया। जो महिलाएं अपनी काली चुन्नी हटाने को तैयार हो गई केवल वहीं कार्यक्रम में जा सकी। बाद में कई महिलाओं की वह चुन्नी भी गायब हो गई, जिसे पुलिस ने उतरवाया था। ऐसे में उन महिलाओं को बिना चुन्नी के ही घर लौटना पड़ा। ऐसे में सवाल ये कि सीएम साहब को काले रंग से इतना परहेज है कि उन्हें महिलाओं के सम्मान तक की परवाह नहीं की।