चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोमवार को रोमांच से भरे आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात दी। एमएस धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने पांचवीं बार आईपीएल का खिताब जीता। यह खिताब एमएस धोनी के लिए विशेष रहा, जिन्होंने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है।
एमएस धोनी टी20 और आईपीएल खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं। धोनी ने 41 साल 326 दिन की उम्र में आईपीएल खिताब अपने नाम किया। उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक के रिकॉर्ड को तोड़ा। मिस्बाह उल हक ने 41 साल 276 दिन की उम्र में पाकिस्तान सुपर लीग का खिताब जीता था। मिस्बाह ने 2016 में यह रिकॉर्ड बनाया था, जिसे सात साल बाद माही ने तोड़ दिया है।
इसके अलावा एमएस धोनी आईपीएल खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर भी बन गए हैं। धोनी ने 41 साल 326 दिन की उम्र में आईपीएल 2023 में खिताब जीता। वैसे, यहां धोनी ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है।
2021 में धोनी आईपीएल खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। तब उनकी उम्र 40 साल 100 दिन थी। शेन वॉर्न आईपीएल खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। 2008 में शेन वॉर्न ने आईपीएल खिताब जीता था और तब उनकी उम्र 38 साल 262 दिन थी।