प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का आज 100वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। भारत समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लाखों लोगों के मन की बात कार्यक्रम को सुनने की उम्मीद है। न्यूयॉर्क में स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पीएम मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड का सीधा प्रसारण होगा। 30 मिनट के इस कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का प्रसारण 30 अप्रैल को न्यूयार्क में रविवार को देर रात डेढ़ बजे होगा।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट कर दी जानकारी
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ‘ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर’ में 30 अप्रैल को सीधा प्रसारण किया जाएगा। भारत के स्थायी मिशन ने कहा कि मन की बात एक मासिक राष्ट्रीय परंपरा बन गया है, जो लाखों लोगों को भारत की विकास यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। भारतीय मिशन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व घटना होगी।