लोकसभा से राहुल गांधी की अयोग्यता के विरोध में कांग्रेस पार्टी आज रविवार को एक दिवसीय ‘सत्याग्रह’ कर रही है। सत्याग्रह सभी राज्यों और जिला मुख्यालयों पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली के राजघाट पर सत्याग्रह करेंगे। हालांकि केरल में तो शनिवार देर रात को मशाल प्रदर्शन शुरू हो गया था।
कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार देर रात इस सत्याग्रह का फैसला किया गया और सभी राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों से इस संबंध में फौरन समन्वय बनाने के लिए कहा गया। खबरों के मुताबिक सभी राज्यों में कांग्रेस कमेटियां सक्रिय हैं और वहां आज सत्याग्रह का आयोजन किया जा रहा है।