लोकसभा चुनाव 2024 से एक साल पहले समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कोलकाता में कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों से बराबर दूरी बनाकर रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) अध्यक्ष ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
बंगाल में ममता दीदी के साथ सपा- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद कहा, ‘‘बंगाल में हम ममता दीदी के साथ हैं। इस समय हमारा रुख है कि हम भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी रखना चाहते हैं।’’ इससे पहले कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने साल 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए ममता बनर्जी की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी हमारे संविधान को बचाने के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार है। अगर हम उत्तर प्रदेश में भाजपा को हरा सके, तो भाजपा को पूरे देश में हराया जा सकता है।’’ साथ ही अखिलेश यादव ने क्षेत्रीय दलों से एकजुट होने का आह्वान किया।