हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से लगातार शेयरों में गिरावट से अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी अमीरों की सूची में सोमवार को 38वें स्थान पर खिसक गए। 24 जनवरी को रिपोर्ट आने से पहले वह दूसरे स्थान पर थे। इस अवधि में उनकी संपत्ति 120 अरब डॉलर से घटकर 33 अरब डॉलर रह गई है। फरवरी, 2021 के बाद उनकी संपत्ति का यह निचला स्तर है।
आपको बता दें कि आरआईएल प्रमुख मुकेश अंबानी की 83 अरब डॉलर की संपत्ति से अब 50 अरब डॉलर पीछे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 33 दिन में अब तक उनकी कंपनियों के शेयरों में 85% तक गिरावट आ चुकी है। हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया था कि शेयरों का मूल्य वास्तविक मूल्य से 85 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान अदाणी की कुल 10 कंपनियों के शेयरों की पूंजी अगस्त, 2021 के बाद पहली बार 7 लाख करोड़ से भी नीचे 6.82 लाख करोड़ रुपये रह गई है, जो रिपोर्ट आने से पहले 19.20 लाख करोड़ थी। टीसीएस के 12.19 लाख करोड़ से भी ज्यादा गिरावट अदाणी की कंपनियों में आई है।
केवल पोर्ट में बढ़त, बाकी गिरे
अदाणी इंटरप्राइजेज 9.17%
अदाणी पोर्ट 0.53%
अदाणी पावर 4.97%
अदाणी ट्रांसमिशन 4.99%
अदाणी ग्रीन एनर्जी 4.99%
अदाणी टोटल गैस 5.00%
अदाणी विल्मर 5.00%
एसीसी सीमेंट 1.95%
अंबुजा सीमेंट 4.50%
एनडीटीवी 4.98%