पिछले 24 घंटों में देश में 11 हजार से ज्यादा नए कोरोना के मरीज मिले हैं, जो अब तक के आंकड़ों में सर्वाधिक है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 11 हजार 314 नए संक्रमित मिले। वहीं, इसी दौरान 379 लोगों की मौत भी हुई है। इसी के साथ अब देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 3 लाख 9 हजार हो गया है। कोरोना से मृतकों की संख्या भी बढ़कर 8,890 हो गई है। हालांकि, एक लाख 54 हजार लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं।
द वेब रेडियो से साभार
चौथा सबसे ज्यादा प्रभावित देश बना भारत
इतना ही नहीं भारत अब दुनिया के टॉप चार देशों में शामिल हो गया है, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। अमेरिका, ब्राजील और रूस के बाद अब भारत चौथा देश बन गया है। दुनिया में सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में हैं। वहां कोरोना के 21 लाख 16 हजार मरीज हैं, जबकि ब्राजील में 8 लाख 29 हजार और रूस में 5 लाख 11 हजार मरीज हैं। कोरोना केस के बढ़ने की रफ्तार के मामले में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। अमेरिका, ब्राजील के बाद भारत में सबसे ज्यादा तेज रफ्तार में कोरोना केस बढ़ रहे हैं।
महाराष्ट्र अभी भी सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य
सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 97 हजार 648 पर पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटे में 152 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 3590 हो गई है। राज्य में पिछले करीब तीन हफ्तों से लगातार हर दिन दो हजार नए केस सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का भी हाल बुरा है।