Report : Media Sarkar Bureau
भारतीय नौसेना ने चीन के 7 जंगी जहाजों को हिन्द महासागर में ट्रैक किया है। भारतीय नौसेना के अनुसार चीन के सात युद्धपोत हिंद महासागर में दक्षिणी श्रीलंका के पास देखे गये हैं। यह जंगी जहाज 27 हजार टन वजन का है। साथ ही चीन के एंटी-पायरेसी टास्क फोर्स के एक नौका को भी देखा गया है ।
भारतीय टोही विमानों ने ट्रैक किया
चीन के इन जंगी जहाजों को भारतीय नौसेना के टोही विमान पी-8आई ने ट्रैक किया और तस्वीरें लीं। अमेरिका निर्मित पी-8आई विमान पनडुब्बी रोधी खुफिया प्रणाली से लैस हैं। इसके साथ ही चीन की एक नौका को भी ट्रैक किया गया है। यह नौका चीन के एंटी-पायरेसी टास्क फोर्स का हिस्सा है। नौका को अदन की खाड़ी में चीन के व्यापारिक जहाजों को सोमालियाई समुद्री डाकुओं से सुरक्षा करने के लिए भेजा गया था। पी-8आई ने नौका की तस्वीर तब ली, जब वह हिंद महासागर से गुजर रही थी।
‘भारत कड़ी नजर रखे हुए है’
भारतीय नौसेना के अफसरों के मुताबिक, चीनी जंगी जहाजों की हिंद महासागर में मौजूदगी को लेकर हम कड़ी नजर रखे हुए हैं। ये जहाज भारतीय इकोनॉमिक जोन और सामुद्रिक सीमा के पास से गुजरे थे। अफसरों ने आशंका जताई कि चीन किसी भी वक्त अदन की खाड़ी में एंटी-पायरेसी ड्रिल (समुद्री डकैतों को रोकने के लिए) के नाम पर 6 से 7 जंगी जहाज हिंद महासागर क्षेत्र में उतार सकता है।