बहुत दिनों के बाद एक विशुद्ध देसी थीम पर शानदार फिल्म देखने को मिली- जबरिया जोड़ी। ठेठ बिहारी अंदाज़ वाली संवाद इस लिहाज से फिल्म के स्टोरी राइटर संजीव के झा की दृष्टि की दाद देनी होगी, कि अपनी पहली ही फिल्म में वे एक अद्वितीय और अनोखी कहानी लेकर आए। फिल्म की कहानी शुरू से अंत तक एक सूत्र में पिरोई हुई और काफी हद तक बंधी हुई दिखाई देती है। पूरी फिल्म में कहीं झोल नहीं दिखाई देता है। फिल्म शुरू से लेकर अंत तक कहीं उबाऊ महसूस नहीं होती है। तो निश्चित रूप से इसका श्रेय फिल्म की स्टोरी और उसके राइटर संजीव को ही जाता है। फिल्म के संवाद अच्छे हैं। छोटे-छोटे संवाद हंसाते हैं, गुदगुदाते हैं, भरपूर मनोरंजन करते हैं।
फिल्म के दोनों प्रमुख कलाकार परिणीति चोपड़ा और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी जबर्दस्त काम किया है। दोनों का अभिनय लाजवाब है, सहज है और दर्शकों को बांधने वाला है। परिणीति ने जहां एक बोल्ड लड़की का रोल किया है, जो आज की लड़कियों में बढ़ते आत्मविश्वास की गवाही देता है। वहीं सिद्धार्थ मल्होत्रा ने एक नेताछाप धंधेबाज़ व्यक्ति के दबंग बेटे का रोल किया है, जो लड़कियों के परिवार से बयाना ले-लेकर लड़कों को बंदूक के दम पर अगवा करता है और उनकी जबरन शादी कराता है। इस भूमिका में सिद्धार्थ ने भी शानदार दम-खम दिखाया है। कुल मिलाकर परिणीति और सिद्धार्थ में को बड़ छोट कहत अपराधू जैसी स्थिति है और दोनों न े एक-दूसरे से बढ़कर अभिनय किया है।
फिल्म की एक और बड़ी खासियत है संगीत। इसके गीत थिरकाने वाले हैं। खासकर मच्छरदानी गीत सेंस ऑफ ह्यूमर से भरा है और आपको बैठे-बैठे भी थिरकने पर मजबूर कर देगा। अन्य गीत भी अच्छे हैं, पर ऐसे नहीं हैं, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जा सके। उन्हें हॉल में देखिए सुनिए एन्जॉय करिए और भूल जाइए। इन गीतों का मकसद दर्शकों का केवल मनोरंजन करना ही समझ में आता है, जिसमें उन्हें कामयाब कहा जा सकता है।
फिल्म का निर्देशन दमदार है। संजीव के झा की अनोखी स्टोरी को प्रभावशाली तरीके से फिल्मांकित करना किसी चुनौती से कम नहीं था। इस काम में फिल्म के निर्देशक प्रशांत सिंह पूरी तरह से कामयाब रहे हैं। और रहें भी क्यों नहीं, क्योंकि कामयाबी का फॉर्मूला फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर से ज्यादा भला किसके पास होगा।
अगर आप हमारी राय को स्टार्स में समझना चाहते हैं, तो मैं फिल्म को इस तरह से नंबर्स दे रहा है-
स्टोरी के लिए – 5
अभिनय के लिए – 5
संवाद के लिए – 5
निर्देशन के लिए – 3.5
संगीत के लिए – 3.5
कुल स्टार्स 4.2