लखनऊ। यूपी चुनाव के लिए सभी पार्टियां ताबड़तोड़ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर रही है। भाजपा ने भी यूपी चुनाव के लिए अपने 149 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। सोमवार को भाजपा के 149 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया। इस लिस्ट में कई विवादित नाम भी शामिल हैं, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात ये कि भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की इस लिस्ट में एक भी मुस्लिम चेहरे को शामिल नहीं किया। भाजपा की पहली सूची में 42% सवर्णों तो 30% ओबीसी कैंडिडेट्स को टिकट दिया गया है। लेकिन लिस्ट में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार का नाम शामिल नहीं किया गया है।
सबसे खास बात की पार्टी ने मुजफ्फरनगर दंगों के आरोपी संगीत सोम और सुरेश राणा को भी टिकट दिया है। संगीत सोम को सरधना से तो सुरेश राणा को थाना भवन से टिकट मिला है। वहीं पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी को मेरठ से कैंडिडेट बनाया गया है। सिकंदराबाद से विमला सोलंकी, आगरा दक्षिण से योगेंद्र उपाध्याय, अमापुर से देवेंद्र प्रताप सिंह, बरेली कैंट से राजेश अग्रवाल, आंवला से धर्मपाल, बेहट से महावीर राना, नाकुड़ा से धर्म सिंह सैनी, सहारनपुर नगर से राजीव गुंबर को टिकट मिला है।