राहुल गांधी के ऑफिशियल टि्वटर अकाउंट को बुधवार की शाम को हैक कर लिया गया। अकाउंट हैक करने के बाद हैंडल से राहुल गांधी और उनके परिवार के बारे में अपशब्द भी ट्वीट किए गए। ट्वीट्स में लिखा गया कि, ‘मेरा परिवार देश को पिछले 60 सालों से लूट रहा है। मैं भी जनता को लूटना पसंद करता हूं।’ Legion नाम के हैकर ग्रुप ने इसकी जिम्मेदारी ली है।
हैकिंग के बाद कांग्रेस उपधायक्ष के ट्वीटर हैंडल नाम बदलकर ‘Office of Retard Gan’ कर दिया है। हैकर्स ने राहुल गांधी की तस्वीर भी हटा दी थी। हालांकि, करीब 10 मिनट बाद राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल से किए गए अपशब्द वाले ट्वीट्स को हटा लिया गया। हैकर ग्रुप ने कुल सात ट्वीट्स किए थे। किसी बड़े नेता का ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने का भारत में यह पहला मामला है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष के कार्यालय ने यह पुष्टि की है कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला का कहना है कि ये बेहद गिरी हुई हरकत हैं। राहुल गरीबों की आवाज उठाते रहेंगे। वहीं, कांग्रेस के मीडिया समन्वयक प्रणव झा ने राहुल का ट्विटर हैंडल हैक होने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस की साइबर सेल से कर दी गई है।