अपराधी कितने बेखौफ हो सकते हैं उसकी एक बानगी एक बार मध्य-प्रदेश में देखने को मिली है। मध्य प्रदेश में माइनिंग माफिया का दबदबा, गुंडई के स्तर तक बरकरार है। आप मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगा सकते हें कि माइनिंग माफिया के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के दौरान महिला IAS पर आरोपियों ने रायफल तान दी।
मध्य प्रदेश के छतरपुर में बुधवार को हुई इस घटना के दौरान पुलिस भी मौजूद थी लेकिन वो कुछ नहीं कर पाई। आरोपी रेत से भरा ट्रैक्टर लेकर चला गया। महिला IAS का नाम सोनिया मीणा है। वो फिलहाल राजनगर की SDM हैं। बुधवार को सोनिया खदानों की जांच के लिए निकलीं थी। शाम को लौटते वक्त बमीठा थाने से कुछ दूरी पर उन्हें रेत से भरा ट्रैक्टर जाते दिखा। सोनिया के आदेश पर उस ट्रैक्टर को रुकवाया गया। पूछताछ के बाद उसे थाने ले जाने को कहा। ट्रैक्टर पर एक नगर सेवक भगवंत सिंह को बिठा दिया।
SDM पर रायफल तान दी
SDM सोनिया मीणा ने जैसे ही नगर सेवक ट्रैक्टर पर बिठाया, ड्राइवर अर्जुन सिंह बुंदेला ने एक झटके में SDM पर रायफल तान दी और भद्दी भद्दी गालियां भी दीं। धमकी देते हुए उसने पुलिसकर्मी को ट्रैक्टर से उतारा और चला गया। घटना के बाद SDM थाने पहुंचीं और मामला दर्ज कराया। जानकारी मिलते ही TI एसपी सिंह सिसौदिया, SDOP इसरार अंसारी थाने पहुंचे। नगर सेवक ने कहा कि उनके पास हथियार नहीं थे, इसलिए वो कुछ नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बाद में सोनिया ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने और उसका लाइसेंस दर्ज करने का ऑर्डर दिया। जिले के पुलिस अधिकारी ने कहा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।