पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रहने वाले चश्मदीदों के बाद अब वहां के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि 28 और 29 सितंबर की रात 2 बजे से सुबह 4-5 बजे तक भारतीय सेना ने आतंकियों के कैंपों पर सर्जिकल स्ट्राइक किये थे। मीरपुर रेंज के पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) गुलाम अकबर को एक टेलीफोन रिकॉर्डिंग में यह कहते हुए साफ़ सुना गया है कि उक्त रात को पीओके के कई सेक्टरों में आतंकवादियों के कई कैम्पों पर भारत की तरफ से सर्जिकल स्ट्राइक किए गए थे।
दरअसल, एक समाचार चैनल के रिपोर्टर ने गुलाम अकबर को पुलिस महानिरीक्षक मुश्ताक बनकर फोन किया और उससे सर्जिकल स्ट्राइक की एक-एक सच्चाई कबूल करवाई। इस टेलीफोनिक स्टिंग ऑपरेशन में पुलिस अधीक्षक गुलाम अकबर ने यह भी कबूल किया है कि पाकिस्तानी अधिकारियों को इस सर्जिकल स्ट्राइक की भनक तक नहीं लगी और इसमें कई आतंकवादियों के अलावा पाक सेना के पांच सैनिक भी मारे गए। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने मारे गए आतंकवादियों और सैनिकों के शवों को आनन-फानन में हटाया। चैनल का दावा है कि उसके पास मारे गए सैनिकों के नाम भी हैं।
रिपोर्टर ने पुलिस महानिरीक्षक मुश्ताक बनकर पुलिस अधीक्षक गुलाम अकबर से सर्जिकल स्ट्राइक की रात हुई क्षति की जानकारी मांगी। इसपर अकबर ने बताया कि उस रात भीमबेर के समाना, पुंछ के हाजिरा, नीलम के दूधनियाल तथा हथियान बाला के कायानी में भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक किए। उसने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के फौरन बाद पाक सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया।
चैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अकबर ने डायरेक्टर जनरल मिलिट्री आपरेशन (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह के एक-एक बयान की पुष्टि की है। लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने 29 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि भारत ने पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के कई लॉन्च पैडों पर सर्जिकल स्ट्राइक किये हैं, लेकिन पाकिस्तान ने भारत के दावे को खारिज कर दिया था।
चैनल के मुताबिक, अकबर ने सर्जिकल स्ट्राइक के समय तक की पुष्टि की और कहा कि “सर, वह रात का समय था। रात दो बजे से सुबह चार या पांच बजे तक तकरीबन 3-4 घंटे तक हमला होता रहा।” उसने कहा कि “अलग-अलग जगहों पर हमले हुए। उन्हें प्रतिरोध का भी सामना करना पड़ा।”
यानी पहले पीओके के चश्मदीद, और अब पीओके का पुलिस अधिकारी… उम्मीद है कि भारत में जो लोग अपनी ही सेना पर शक कर रहे हैं और अपनी ही सरकार को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे, वे अब भी गंदी राजनीति छोड़कर देश के साथ खड़े होंगे।