स्टिंग प्रकरण में करीब एक माह पहले गिरफ्तार हुए समाचार प्लस के सीईओ उमेश कुमार शर्मा रिहा हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को झारखंड की बिरसा मुंडा जेल से वो रिहा हो गए। वहीं नैनीताल हाईकोर्ट ने भी उनके बी वारंट पर रोक लगा दी। जमानत पर रिहाई के बाद उमेश ने ऐसी बात कही है, जो उत्तराखंड सरकार की मुश्किल बढ़ाने के लिए काफी है। स्टिंग आपरेशन को लेकर सुर्खियों में रहने वाले उमेश कुमार शर्मा करीब एक माह तक देहरादून और झारखंड की जेल में रहे। सबूतों के अभाव में आखिरकार उन्हें रिहाई मिल गई।
उमेश ने बढ़ाई सरकार की सिरदर्दी
उमेश पर तीन अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किया गया। इसमें से एक केस भाजपा संगठन से जुड़े अमृतेश सिंह चौहान ने रांची के अरगोडा थाने में दर्ज कराया था। इस केस में अमृतेश सिंह ने उमेश पर उत्तराखंड सरकार के खिलाफ स्टिंग आपेरशन करने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया गया था। रांची के मुकादमे में उन्हें काफी दिन पहले ही बेल मिल गई, लेकिन सरकार और प्रशासन की लेटलतीफी की वजह से वो गुरुवार को जेल से रिहा हो सके। राजपुर पुलिस एक अन्य मुकदमे में उमेश को देहरादून जेल लाने के लिए बी वारंट दाखिल कर दिया था, जिस पर नैनीताल हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। राजपुर पुलिस ने बुधवार हाईकोर्ट के आदेश की प्रति ई-मेल के जरिये रांची पुलिस को भेज दी थी।
‘यदि सरकार सही काम कर रही है तो उसे किस बात का डर था।’
स्टिंग प्रकरण पर रिहाई के बाद एक अखबार के साथ बात करते हुए उमेश ने कुछ ऐसी बातें कही, जिसके बाद सरकार की सिरदर्दी बढ़नी तय है। उमेश कुमार ने दो टूक कहा कि राज्य के भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करने की उनकी मुहिम जारी रहेगी। स्टिंग आपरेशन हुए हैं तो सामने भी आएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुलिस से आपराधिक षड्यंत्र के तहत उन्हें गिरफ्तार कराया था, लेकिन पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भी सरकार उनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग का एक भी सबूत नहीं ला सकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ईद-गिर्द भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार को उनसे क्या खतरा था। यदि सरकार सही काम कर रही है तो उसे किस बात का डर था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ गोपनीय तरीके से केस दर्ज करवाया गया। कोर्ट को गुमराह कर उनके खिलाफ गिरफ्तारी और सर्च वारंट जारी करवाया गया और फिर उन्हें उत्तराखंड और रांची के जेल में रखा गया।उमेश ने कहा कि उन्होंने उच्चतम न्यायालय को पहले ही दो स्टिंग होने की जानकारी दे दी है। उन्होंने दावा किया कि अगर वो गलत हुए तो हर सजा भुगतने को तैयार हैं।