पल्लवी शर्मा के अलावा 18 और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
असम पुलिस ने राज्य में नौकरी के लिए नकदी घोटाले के सिलसिले में बुधवार को राज्य के भाजपा सांसद आरपी शर्मा की बेटी पल्लवी शर्मा समेत 19 सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने वर्ष 2016 में असम लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी थी।जाँच टीम ने इन सभी आरोपियों की लिखवाट को जांचा-परखा। लेकिन जांच के दौरान उनकी लिखावट उक्त परीक्षा की कॉपियों की लिखावट से अलग मिली।
इस घोटाले की जांच कर रही डिब्रूगढ़ पुलिस ने लिखावट की जांच के लिए वर्ष 2016 बैच के लोक सेवा आयोग के 19 अधिकारियों को बुलाया था। इससे पहले उनकी कॉपियों की फोरेंसिक जांच में गड़बड़ियां पाई गई थीं। डिब्रूगढ़ पुलिस अधीक्षक गौतम बोरा ने बताया कि इन 19 अधिकारियों की लिखावट परीक्षा की कॉपियों की लिखावट से अलग थी।
पुलिस इस घोटाले के सिलसिले में असम लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष राकेश पाल व तीन अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उनके अलावा बीते 21 जून को 13 अन्य सरकारी अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया था। गिरफ्तार होने वालों में तेजपुर के भाजपा सांसद आरपी शर्मा की पुत्री पल्लवी शर्मा भी शामिल है।
असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) में नौकरी के लिए नकदी घोटाले में असम पुलिस ने राज्य के भाजपा सांसद आर. पी. शर्मा की पुत्री पल्लवी शर्मा समेत 19 सरकारी अधिकारियों को समन जारी किया था।
मामले की जांच कर रही डिब्रूगढ़ पुलिस ने इन अधिकारियों को फॉरेंसिक जांच के लिए अपनी हैंडराइटिंग के नमूने देने के लिए 18 जुलाई को यहां विशेष शाखा के मुख्यालय में हाजिर होने के लिए कहा। पल्लवी शर्मा इन 19 अधिकारियों में शामिल हैं। पल्लवी खुद भी एक पुलिस अधिकारी हैं। सूत्रों ने बताया कि घोटाले में आरोपी अधिकारियों के शामिल होने के ठोस सबूत मिल चुके हैं।
आरोप है कि असम लोक सेवा आयोग के कुछ अधिकारियों ने उच्च सरकारी पदों पर नियुक्ति के लिए बड़े पैमाने पर रिश्वत ली थी। यह सिलसिला कई वर्षों तक चला था। घोटाले में लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष राकेश कुमार एवं दो अन्य सदस्यों समेत 30 सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।