झारखण्ड के जगुआर दस्ते पर मंगलवार की शाम एक जबरदस्त नक्सली हमला हुआ जिसमे छह जवान शहीद हो गये और कई जवानो के घायल होने की सूचना है। झारखण्ड के पुलिस उपमहानिरीक्षक वि.शुक्ला ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि झारखण्ड में विशेष अभियान के लिए बनाये गए विशेष दस्ता जगुआर पर घात लगाकर हमला बोला गया। घटना गढ़वा जिले के चिंजो इलाके में घटी है।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात तक जबाबी कार्रवाई जारी थी,हालांकि सूचनानुसार कई जवान सुरक्षित वापस भी आ चुके हैं। नक्सली विरोधी अभियान के लिए खास रूप से बनाये गए इस दस्ते का एक दल नक्सल अभियान के खिलाफ इस इलाके में निकला था जिसके दौरान नक्सलियों ने लैंडमाइन विस्फोट कर घटना को अंजाम दिया। इसके बाद नक्सलियों ने लगातार कई राउंड गोलियां भी बरसाई जिसकी वजह से छह जवानो की मौत हो गयी। लैंडमाइन्स विस्फोट में एंटी लैंडमाइन वाहन उड़ गया जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चली। इस अभियान में झारखण्ड में जगुआर का साथ सी आर पी एफ 12 बटालियन भी दे रही है। हलाकि देर रात कुछ जवान नजदीक के कुल्टी पिकेट पर लौट आये हैं लेकिन अभीतक ये पुख्ता जानकारी नहीं मिल पायी है कि कितने जवान घायल हैं और कितने गायब? नक्सलियों की तादाद या उसके मारे जाने की कोई सूचना नहीं है। घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुँच गयी है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
अपडेट
गढ़वा में नक्सली हमले में जगुआर दस्ते के जवानो की संख्या आठ हुयी, जबकि एक दर्जन से ज्यादा जवान घायल हैं। अभी इस मामले में और विस्तृत जानकारी का इंतज़ार है अतिरिक्त बल भेजे गए हैं,घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्थ की जा रही है। इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है। गौर तलब है की छत्तीसगढ़ की सीमा भी काफी नजदीक है ऐसे में गढ़वा -लातेहार के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को लगाया गया है। अभी तक ये भी जानकारी नहीं मिल पायी है कि किस नक्सली गुट ने ये हमला किया और उनकी तादाद क्या थी ? हलाकि अभी तक किसी नक्सली का शव नहीं मिला है किसी के घायल होने की पुख्ता जानकारी भी पुलिस नहीं लगा पायी है।