नई दिल्ली। भाजपा छोड़कर अब तक अपनी राजनीतिक साख की तलाश कर रहे पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने आखिरकार कांग्रेस का हाथ थाम लिया। सिद्धू ने आज आधिकारिक तौर पर कांग्रेस की सदस्यता ले ली। दिल्ली में औपचारिक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी जो कभी सिद्धू के लिए पप्पू हुआ करते थे उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया। सबसे खास बात ये कि इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस का कोई नेता शामिल नहीं हुआ।
कांग्रेस में शामिल होने वाले नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस अमृतसर ईस्ट से चुनावी टिकट दे सकती है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद भी ऑफर कर सकती है। इसी सीट से सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर भी विधायक हैं। हलांकि सिद्धू के आने से पंजाब कांग्रेस में नाराजगी भी दिखाई दे रही है।
इससे पहले सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर अलावा परगट सिंह भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो चुके हैं। क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने भाजपा में अपने उपेक्षा किए जाने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। पहले कहा जा रहा था कि सिद्धू आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे, लेकिन बाद में उनके और कांग्रेसी नेताओं के बीच हो रही मुलाकातों के बाद कयास लगने लगा कि वो कांग्रेस का दामन थामेंगे।