प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम 7.30 बजे देश को संबोधित करेंगे। नए साल से पूर्व संध्या पर नरेंद्र मोदी का देश के नाम संदेश का देश की जनता इंतजार कर रही है। इससे पहले देश के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ने नोटबंदी का ऐलान किया था। ८ नवंबर के संबोधन के बाद देश इस बार पीएम से कुछ उम्मीदें लगाए बैठा है। 30 दिसंबर शुक्रवार को 500-1000 के पुराने नोट बैंक में जमा करने का आखिरी दिन था। नोटबंदी की मियाद खत्म होने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री का यह संबोधन काफी अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार मिली जानकारी के मुताबिक मोदी मिडिल क्लास और किसानों के कर्ज को लेकर कुछ अहम एलान कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है इन पांच बिंदुओं पर घोषणाएं हो सकती है। बेनामी संपत्ति की चर्चा तो प्रधानमंत्री लगातार अपने भाषणों में करते रहे हैं लेकिन कुछ राहतें भी मिलेंगी ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैँ।
- किसानों की कर्ज माफी पर एलान संभव।
- एलपीजी कनेक्शन के साथ 2 साल गैस भी फ्री देने की चर्चा है।
- एक करोड़ छात्रों को स्कॉलरशिप का ऐलान भी संभव है।
- सस्ते घर बनाने के लिए ब्याज रहित कर्ज की संभावनाएं खंगाली जा रही हैं।
- जनधन खातों में जमा रकम पर भी बोल सकते हैं।
देश के नाम संदेश में मोदी नोटबंदी के बाद लोगों की सहूलियतों के लिए उठाए कदमों का जिक्र करेंगे और डिजिटल इकॉनामी की ओर देश को ले जाने के लाभ गिनाएँगे। प्रधानमंत्री मोदी ने नीति आयोग में आर्थिक हालात की जानकारी के लिए इकोनॉमिस्ट्स और एक्सपर्ट्स से भी आज मुलाकात की है।