नोटबंदी के विरोध में देश भ्रमण कर रहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की फ्लाइट में बुधवार को फ्यूल खत्म हो गया। पटना से कोलकाता इंडिगो की फ्लाइट से कोलकाता लौट रहीं ममता बनर्जी की पार्टी के नेताओं ने संसद में दावा किया कि ममता बनर्जी का हवाई जहाज ३०-४० मिनट तक कोलकाता के आसमान में रखा गया कि जबकि उसके पायलट ने ईंधन खत्म होने की जानकारी दी थी।
संसद के मौजूदा शीत सत्र में गुरुवार को भी नोटबंदी के मामले से जोड़ते हुए ममता बनर्जी की फ्लाइट में फ्यूल खत्म होने के मुद्दे को सदन के दोनों सदनों में उठाया गया। इस मुद्दे को लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस और टीएमसी ने उठाया। कहा, ”ऐसे में, ममता बनर्जी की जान को खतरा हो सकता था। यह जान से मारने की साजिश थी।” इधर सरकार ने कहा, ”सबकी सुरक्षा जिम्मेदारी है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं।”
गुरुवार को लोकसभा में ममता बनर्जी की फ्लाइट में फ्यूल खत्म होने का मुद्दा जोरशोर से उठा। इस पर एविएशन मिनिस्टर अशोक गजपति राजू ने कहा कि कहा, चाहें सीएम हों, सदस्य हों या कोई भी आम आदमी हो, सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है और हम कर रहे हैं। लैंडिंग के वक्त सारे जहाज को 30-40 मिनट तक के लिए फ्यूल होना चाहिए। एक डायवर्जन एयरपोर्ट तक जाने का फ्यूल होता है। ये सेफ्टी स्टैंडर्ड है। पटना से कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने टेकओवर कर लिया। कोलकाता पहुंचने पर पायलट ने कहा कि फ्यूल कम है। उस वक्त दो और प्लेन भी एयर इंडिया, स्पाइस जेट भी लो ऑन फ्यूल थे। इंडिगो से पहले एयर इंडिया और बाद में स्पाइस जेट थी, तीनों ने कहा कि फ्यूल कम है।
मंत्री ने कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं, और विपक्ष का दावा कि जहाज को ३०-४० मिनट तक उतरने से रोका गया यह गलत है, आगे एक फ्लाइट थी जिसमें भी फ्यूल कम था इसलिए १३ मिनट का वक्त लगा। फिर भी इस बात की जांच की जा रही है कि फ्लाइट में सेफ्टी नार्मस् के अनुसार फ्यूल क्यूं नहीं था। अगर कोई भी वॉयलेशन हुआ है तो सख्ती से कार्रवाई होगी। डीजीसीए एक्शन लेगी या क्रिमिनल एक्शन भी लिया जा सकता है।
लोकसभा में कांग्रेस लीडर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर सभी शिड्यूल तीन जहाजों में फ्यूल कम था तो ममता जिस फ्लाइट में थीं उसे वीवीआईपी ट्रीटमेंट मिलनी चाहिए थी और ममता का जहाज पहले उतरना चाहिए था। खड़गे यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी नोटबंदी के विरोध में पूरे देश में घूम रही हैं, उनकी जान को खतरा है और इसमें हमें साजिश लग रही है।