पंजाब में विधानसभा चुनाव प्रचार चरम पर है। प्रचार के आखिरी दिन सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने संगरूर में रैली की और यहां उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर प्रहार किया। राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में रैली में विस्फोट होता है, लोग मारे जाते हैं और दिल्ली के सीएम उन्हीं शक्तियों की मदद कर रहे है जो पंजाब को बरबाद कर रहे हैं।
पंजाब चुनाव प्रचार के अाखिरी दिन राहुल ने कहा- गुरु नानकजी ने हमें सिखाया है कि सब कुछ तेरा है। और लोग यहां जो राजनीति कर रहे हैं उसमें उनकी सोच है सब कुछ मेरा है। गुरु नानक जी ने हमें सेवा और समर्पण की भावना सिखाई है लेकिन यहां लूट सीख रहे हैं। पंजाब में हमारी सरकार बनी तो हम एक महीने में ‘चिट्टे’ की दिक्कत यानी नशे की समस्या को खत्म कर देंगे। सत्ता में आने पर हम ऐसा कानून बनाएंगे कि नशे की दिक्कत खत्म हो जाएगी। नशे का कारोबार करने वालों की संपत्ति हम जब्त कराएंगे।
”कुछ दिन पहले पंजाब में बम ब्लास्ट हुआ।बम एक कार में रखा गया था।एक के बाद एक तीन धमाके हुए। 6 लोग मारे गए। कांग्रेस कैंडिडेट और डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां के समधी हरमंदर जस्सी को निशाना बनाकर यह हमला किया गया था। वे तो बच गए, लेकिन तीन जान चली गईं। 1991 के बाद विधानसभा चुनाव के दौरान चुनावी सभा में हमले की ये पहली घटना है। उस समय आतंकवाद का दौर खत्म हुआ था उसी के असर में उस वक्त हमले हुए थे।