स्टॉकहोम.अमेरिकी गीतकार बॉब डिलन को इस साल का साहित्य का नोबेल दिया जाएगा। 1901 से अब तक 115 साल में 109 शख्सियतों को यह नोबेल मिला। लेकिन ऐसा पहली बार होगा जब किसी गीतकार को साहित्य के नोबेल के लिए चुना गया है। प्राइज के साथ डिलन को करीब 6 करोड़ 20 लाख रुपए मिलेंगे। डिलन ने 54 साल के करियर में 650 से ज्यादा गाने गाए और लिखे। उन्हें अमेरिकी गीत परंपरा में उनके योगदान को लेकर नोबेल के लिए चुना गया है।
बॉब का जन्म 1941 में अमेरिका में हुआ। 1959 में मिनिसोटा के एक कॉफी हाउस से म्यूजिक करियर शुरू किया। डिलन 1960 के दशक में बेहद मशहूर हुए। उन्हें अमेरिका की परेशानियों से दुनिया को रु-ब-रू कराने वाला इतिहासकार भी कहा जाता है। डिलन ने 54 साल में 70 एलबम निकाले। 653 गाने गाए और लिखे। 6 किताबें खुद लिखीं। पहले भी कई दफा नोबेल के लिए बॉब डिलन के नाम की चर्चा रही लेकिन उन्हें नहीं चुना गया। ज्यूरी ने कहा, “75 साल के रॉक लीजेंड डिलन एक शानदार उदाहरण हैं। उन्होंने 54 साल तक खुद की ही खोज जारी रखी। वो बेहतरीन सोच वाले शख्स हैं। डिलन ने अमेरिका की महान गीत परंपरा में कविता की नई अभिव्यक्ति लाने का काम किया।”