नोटबंदी के फैसले के खिलाफ लखनऊ में आयोजित ममता बनर्जी के प्रदर्शन में यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नहीं शामिल हुए। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नोटबंदी के फैसले के खिलाफ जनता का समर्थन जुटाने के लिए देशव्यापी दौरे पर निकलीं हैं। इस सिलसिले में ममता ने आज लखनऊ के 1090 चौराहे पर एक जनसभा को संबोधित किया। सभा से पहले ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि अखिलेश यादव भी इस सभा में शरीक हो सकते हैं। हालांकि प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और नेता ममता के साथ दिखे।
सभा को संबोधित करते हुए बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अब समाजवादी पार्टी और हम एक हैं। लखनऊ से देश का रिश्ता रहा है इसीलिए हम यहाँ आए हैं।’ बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश ने हर लड़ाई में देश का नेतृत्व किया है। नेहरू और उनके बाद के प्रधानमंत्री भी उत्तर प्रदेश से हैं।’
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने सोमवार शाम को लखनऊ हवाईअड्डे पर ममता बनर्जी का स्वागत किया था। जिसके बाद से प्रदर्शन में अखिलेश यादव के शामिल होने के कयास लगाये जाने लगे थे। लेकिन ऐन वक्त पर अखिलेश ने प्रदर्शन से किनारा कर लिया।