मुंबई। जाकिर नाइक के ख़िलाफ़ शिकंजा अब कसने लगा है। एनआईए ने शनिवार को उनकी संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के 10 ठिकानों पर छापे मारे। आतंकवाद निरोधी कानून के तहत दर्ज एक मामले में जाकिर नाइक, आईआरएफ और कुछ अन्य का नाम होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी की इस कार्रवाई में मुंबई पुलिस के अधिकारी भी एनआईए अधिकारियों के साथ रहे।
सरकार ने कुछ समय पहले ही जाकिर नाइक की संस्था आईआरएफ पर पांच साल की पाबंदी लगा दी थी। इससे पहले नाइक के एनजीओ पर विदेश से चंदा लेने पर रोक लगाई गई थी। सरकार ने अपने नोटिफिकेशन में कहा था कि नाइक का एनजीओ गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त है। साथ ही, धार्मिक भावनाएं भी भड़का रहा है।