चेन्नई, 10 अक्टूबर। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हमें बताया है कि इलाज का अच्छा परिणाम मिल रहा है और अस्पताल से उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज किया जा सकता है। यानी जल्दी ही वे फिर से राज्य का प्रशासन संभाल लेंगी।”
राज्यपाल सदाशिवम केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन के साथ जयललिता से मिलने अपोलो अस्पताल गए थे। जयललिता को पिछले महीने अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि वे और राज्यपाल जयललिता को केरल की जनता की तरफ़ से जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं देने आए थे।
विजयन कोझिकोड से आए थे, जबकि सदाशिवम तिरुअनंतपुरम से। बाद में चेन्नई एयरपोर्ट से दोनों एक साथ एक ही गाड़ी में अस्पताल पहुंचे।
इस बीच केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने संवाददाताओं से कहा कि सिर्फ़ सत्तारूढ़ एआईएडीएमके ही तय कर सकती है कि जयललिता के स्वस्थ होने तक राज्य में कोई कार्यवाहक मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बनाया जाए कि नहीं। नायडू ने कहा कि जयललिता के स्वास्थ्य में तेज़ी से सुधार आ रहा है और उनकी सेहत के बारे में आधारहीन अफवाहों पर ध्यान देने की कोई ज़रूरत नहीं है।
पांडिचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने भी अपोलो अस्पताल जाकर जयललिता का हालचाल जाना। 68 साल की जयललिता को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद 22 सितंबर को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।