इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह चर्चा फिर से ज़ोर पकड़ रही है कि कांग्रेस प्रियंका गांधी का चेहरा आगे कर सकती है। इंदिरा गांधी की जन्मशती के मौके पर स्वराज भवन में शुरू हुई पहली चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन में सोनिया गांधी के साथ आईं प्रियंका स्थानीय नेताओं से जिस अंदाज में मिलीं, उससे इस चर्चा को और बल मिला है। प्रियंका ने सोनिया और राहुल गांधी के साथ सोमवार को शहर के बुद्धिजीवियों और पार्टी नेताओं से मिलकर एक चर्चा की। जानकारों का कहना है कि आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा हुई। मुमकिन है कि उन्हें फूलपुर संसदीय सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़वाया जा सकता है।
सोनिया और प्रियंका के करीब 22 घंटे साथ स्वराज भवन में गुजारने और आनंद भवन में इंदिरा की राजनीति विरासत से रूबरू होने के बाद यह सवाल दोबारा उठता है कि क्या सोनिया गांधी प्रियंका को राहुल गांधी की मदद करने के लिए संगठन में आगे कर सकती हैं? प्रियंका 14 वर्ष बाद स्वराज भवन पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने स्वराज भवन के साथ साथ आनंद भवन और कमला नेहरू मेमोरियल ट्रस्ट के कामकाज की भी बारीकी से जानकारी ली।